बेंगलुरू पुलिस : गोली का निशाना रविशंकर नहीं कुत्ते थे
बेंगलुरू। कर्नाटक पुलिस ने दोहराया है कि पिछले दिनों आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के काफिले पर कोई हमला नहीं हुआ था। उसका कहना है कि एक किसान ने आवारा कुत्तों को भगाने के लिए दो राउंड गोलियां चलाई थीं और उनमें से एक गोली रविशंकर के एक भक्त को लग गई थी।
पढ़ें - सेक्स स्कैंडल में फंसे नित्यानंद की खबरें
राज्य के पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह ने शनिवार को कहा, "आश्रम के निकट खेत है। इस खेत के मालिक का कहना है कि उसने 30 मई की शाम अपने पिस्तौल से दो राउंड की गोलीबारी की थी। उसके द्वारा चलाई एक गोली रविशंकर के भक्त विनय को लग गई थी।" इस किसान का नाम महादेव प्रसाद बताया गया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रसाद के पास 10 एकड़ जमीन है। सिंह ने बताया कि प्रसाद के पास लाइसेंसी पिस्तौल है और उसने इस बात की पुष्टि की है कि आश्रम के निकट उसके द्वारा ही गोली चलाई गई थी।
इससे पहले भी पुलिस का यही कहना रहा है कि गोलीबारी का निशाना रविशंकर नहीं थे। दूसरी ओर खुद रविशंकर और उनके भक्त इससे उलट बात कह रहे थे। उनका स्पष्ट तौर पर कहना था कि गोलीबरी का निशाना रविशंकर ही थे।













Click it and Unblock the Notifications