'मुंबई हमलावरों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रगति बताए पाकिस्तान'
वाशिंगटन, 5 जून (आईएएनएस)। अमेरिका ने पाकिस्तान से कहा है कि वह मुंबई पर हमला करने वाले संदिग्ध आतंकवादियों के विरुद्ध कार्रवाई में हुई प्रगति के बारे में बताए और लश्कर-ए-तैयबा व पंजाब स्थित भारत विरोधी आतंकी समूहों पर प्रतिबंध लगाए, ताकि दोनों पड़ोसी देशों के बीच वार्ता शुरू हो सके।
दक्षिण एशियाई मामलों के सहायक सचिव रॉबर्ट ब्लेक ने शुक्रवार को बीबीसी को दिए साक्षात्कार में कहा, "मुझे लगता है, दोनों देशों के बीच वार्ता होनी चाहिए, लेकिन इसमें कुछ बाधाएं हैं। हम इसमें मदद कर सकते हैं और हम अपने पाकिस्तानी दोस्तों को इसके लिए प्रोत्साहित कर सकते हैं।"
यह पूछे जाने पर कि क्या भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाली शांति वार्ता के दौरान कश्मीर समस्या के समाधान में वाशिंगटन मदद करेगा, उन्होंने कहा, "मैं नहीं समझता कि अब कश्मीर ही अहम मुद्दा रह गया है।"
ब्लेक ने कहा, "अब अहम सवाल है कि मुंबई पर हमला करने वाले संदिग्ध आतंकवादी जो पाकिस्तान के कब्जे में हैं, के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जा रही है। भारत भी यह जानने को उत्सुक है कि लश्कर-ए-तैयबा व पंजाब स्थित अन्य भारत विरोधी आतंकी समूहों पर प्रतिबंध लगाने की दिशा में क्या कदम उठाए जा रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि अमेरिका फिर स्पष्ट करना चाहता है कि पाकिस्तान को निर्यात किए गए हथियार पाकिस्तान व अफगानिस्तान की सीमा पर चल रही जवाबी कार्रवाई के दौरान उसकी मदद के लिए भेजे गए थे, भारत के खिलाफ इस्तेमाल के लिए नहीं। हम उसकी निगरानी भी कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications