वरुण गांधी ने मोबाइल फोन से जनसभा को किया संबोधित
भाजपा के युवा नेता वरुण गांधी को शनिवार अपराह्न हाथरस के सिकंदराराऊ कस्बे में एक जनसभा को संबोधित करना था। सिकंदराराऊ से भाजपा के विधायक यशपाल सिंह चौहान ने संवाददाताओं से कहा कि जिला प्रशासन से हम जनसभा की अनुमति पहले ही ले चुके थे, लेकिन जनसभा शुरू होने के कुछ घंटे पहले जिला प्रशासन द्वारा हमें बताया गया कि सुरक्षा कारणों से वरुण गांधी को यहां जनसभा करने की अनुमित नहीं दी जाएगी।
चौहान ने बताया कि जब हमने इस बात से वरुण जी को अवगत कराया तो उन्होंने मोबाइल फोन के जरिये दिल्ली से ही जनसभा को संबोधित करने का फैसला किया। उन्होंने जिस मोबाइल पर फोन किया उसे माइक के पास रखकर भीड़ को संबोधन सुनाया गया।
भाजपा नेताओं के मुताबिक सिकंराराऊ कस्बे स्थित सी.पी.ए. कालेज मैदान में वरुण गांधी के हेलीकाप्टर को उतारने और जनसभा की अनुमित स्थानीय प्रशासन से 15 मई को ली ले गई थी।
भाजपा विधायक ने कहा कि हमें पता है कि बहुजन समाज पार्टी(बसपा) सरकार के इशारे पर वरुण की जनसभा में अड़ंगा डाला गया है। मुख्यमंत्री मायावती भाजपा के इस युवा नेता से डर गई हैं कि कहीं ये जनता के बीच उनके असली चेहरे को बेनकाब न कर दे। आखिरी समय जनसभा में अड़ंगा डालना पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित कदम है। उधर जिला प्रशासन ने भाजपा नेताओं के आरोप को बेबुनियाद बताया है।
हाथरस के जिलाधिकारी एम.एम.खान ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा अड़ंगा लगाने के आरोप बेबुनियाद हैं। जिला प्रशासन की तरफ से वरुण गांधी को जनसभा करने से नहीं रोका गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications