दीर्घकालिक विकास एक चुनौती : शीला दीक्षित
नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने शनिवार को कहा कि दीर्घकालिक विकास और राष्ट्रीय राजधानी को रहने लायक बनाना एक चुनौती है। इसमें सभी के सहयोग की जरूरत है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर जारी राज्य की पर्यावरण रिपोर्ट में दीक्षित ने कहा, "दिल्ली शहर में रह रहे 1.8 करोड़ लोगों को अच्छी तरह रहने लायक वातावरण चाहिए जो कि एक बड़ी चुनौती है।"
उन्होंने कहा है, "यह रिपोर्ट केवल उपलब्धियां नहीं दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि शहर किन चुनौतियों का सामना कर रहा है तथा इसे रहने लायक बनाने के लिए और क्या कुछ करने की जरूरत है। इस दिशा में ऊर्जा एवं संसाधन संस्थान (टेरी) कार्य कर रहा है।"
रिपोर्ट के बारे में दीक्षित ने पत्रकारों को बताया कि पहले अध्याय में शहर के विकास की चुनौतियां- जनसंख्या, यतायात, उद्योग, भूमि उपयोगिता परिवर्तन (एलयूसी) और आर्थिक तीव्रता के बारे में बताया गया है। इसके अलावा भविष्य की परियोजनाओं तथा राष्ट्रमंडल खेलों को कार्बन रहित बनाने के लिए चल रहे कार्यो का उल्लेख है।
दीक्षित ने कहा, "दूसरे अध्याय में पर्यावरण के मानदंड, जिसमें वायु, जल, भूमि, वन एवं जलवायु परिवर्तन की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यो का जिक्र किया गया है। इसके अलावा विभिन्न प्राकृतिक संसाधनों की जानकारी दी गई है। साथ ही जनसंख्या नियंत्रण एवं संरक्षण की भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा का जिक्र है।"
उन्होंने बताया, "तीसरा अध्याय शहर को पर्यावरण की दृष्टि से रहने लायक बनाने के लिए चल रहे विकास कार्यो पर रोशनी डालता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications