हेडली से पूछताछ की इजाजत मिली
वाशिंगटन, 5 जून (आईएएनएस)। भारत को आखिरकार पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिक और लश्कर-ए-तैयबा से संबद्ध डेविड कोलमैन हेडली से पूछताछ की इजाजत मिल गई। अब भारतीय अधिकारी मुंबई हमले में अपनी भूमिका स्वीकार कर चुके हेडली से पूछताछ करेंगे।
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेम्स जोन्स ने इसकी पुष्टि करते हुए शनिवार को कहा, "भारतीय अधिकारियों को हेडली से पूछताछ की इजाजत दे दी गई है और इस तरह हमने अपनी प्रतिबद्धता को पूरा किया।"
जोन्स ने हालांकि यह नहीं कहा कि शिकागो में मौजूद भारतीय जांच दल हेडली से कब पूछताछ कर सकेगा।
जोन्स ने कहा, "यह एक सतत प्रक्रिया है और मुझे इस बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं है। मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि यह मामला दोनों देशों के कुशल अधिकारियों के हाथों में है।"
विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा के स्वदेश रवाना होने के एक दिन बाद भारतीय अधिकारियों को हेडली से पूछताछ की इजाजत मिल गई।
कृष्णा ने अपने अमेरिकी दौरे के दौरान कहा था कि डेविड हेडली 2008 में हुए मुंबई हमले के मुख्य षड्यंत्रकारियों में से एक है। कृष्णा ने कहा था कि हमें पूछताछ की इजाजत मिलनी चाहिए, ताकि हम अपनी जांच पूरी कर सकें। हमें उम्मीद है कि अमेरिका हमारी मांग का सम्मान करेगा।
उल्लेखनीय है कि भारतीय जांच दल पिछले चार दिनों से अमेरिका में हेडली से पूछताछ के लिए इंतजार कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि भारत मुंबई हमले की साजिश से पर्दा उठाने के लिए हेडली (49) से पूछताछ करना चाहता है। हेडली फिलहाल शिकागो जेल में बंद है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अप्रैल में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आश्वस्त किया था कि भारत को हेडली से पूछताछ की इजाजत दी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications