कश्मीर पहुंचे दलाई लामा
यह दलाई लामा की राज्य के जम्मू क्षेत्र की पहली यात्रा है हालांकि वह राज्य के बौद्ध बहुल क्षेत्र लद्दाख की यात्रा करते रहे हैं।
उन्होंने किश्तवार जिले के पैडर क्षेत्र का दौरा किया। इस क्षेत्र में 20,000 बौद्धों की आबादी है। लंबे समय से अपने क्षेत्र में बौद्ध धर्म गुरु के आगमन का इंतजार कर रहे लोगों के बीच दलाई लामा को देखते ही खुशी छा गई।
जम्मू से 66 किलोमीटर दूर स्थित ऊधमपुर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दलाई लामा का स्वागत किया। इसके बाद दोनों एक हेलीकॉप्टर से पैडर पहुंचे। दलाई लामा के वहां पहुंचने पर हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने उनका अभिभादन किया।
पैडर में लोगों को संबोधित करते हुए दलाई लामा ने उनके बीच अपनी मौजूदगी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि वह पहले भी इस क्षेत्र की यात्रा करना चाहते थे लेकिन यह अब हो सका है।
उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि शांति से सभी धर्मो के लोगों के दिलों को एक करने में मदद मिलेगी।
दलाई लामा ने राज्य के सभी हिस्सों और समाज के सभी वर्गो के समान विकास पर ध्यान देने के लिए उमर अब्दुल्ला की प्रशंसा की।
उमर अब्दुल्ला ने दलाई लामा को 'शांति दूत' बताया। उन्होंने शांति और अमन को वैश्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications