गोवा के पर्यटन मंत्री का इस्तीफा (लीड-1)
अपनी 28 वर्षीया कथित महिला मित्र नादिया तोरादो की रहस्यमय हालात में मौत के सिलसिले में पाचेको से शुक्रवार को अपराध शाखा के अधिकारियों ने करीब नौ घंटे तक पूछताछ की थी।
उन्होंने शनिवार दोपहर अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री दिगंबर कामत को भेज दिया और तब से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।
पाचेको ने अपने पत्र में लिखा है कि नादिया की मौत को लेकर उन पर लग रहे आरोपों के मद्देनजर वह अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। नादिया की गत 30 मई को चेन्नई के अस्पताल में मौत हो गई थी। नादिया ने मौत से करीब 15 दिन पहले चूहे मारने वाली दवा खा ली थी।
पुलिस का कहना है कि बेनाउलिम से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक पाचेको ने अपना इस्तीफा फैक्स के माध्यम से भेजा है और उसके बाद से वह भूमिगत हो गए हैं।
अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया, "हमने पूछताछ के दूसरे सत्र के लिए आज उन्हें अपराध शाखा कार्यालय बुलाया था। उनके इस्तीफा सौंपने के बाद से हमारा उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।"
पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी आत्माराम देशपांडे ने पणजी में संवाददाताओं को बताया, "हमने सभी थानों को सतर्क कर दिया है। मंत्री से संपर्क नहीं हो पा रहा है।"
पाचेको पर उनकी पत्नी ने उन पर दूसरी शादी करने का आरोप भी लगा रखा है और फिलहाल यह मामला अदालत में है।
उल्लेखनीय है कि नादिया की मौत में पाचेको की कथित संलिप्तता की वजह से गोवा में काफी हंगामा हुआ था। विपक्ष ने जहां इस मामले की जांच कराने की मांग की थी, वहीं महिला संगठनों ने भी कड़ा विरोध किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications