पुलिस ने शुरू की महिला की मौत की जांच
मोहाली (पंजाब), 5 जून (आईएएनएस)। अपने बेटे को कथित तौर पर दो शिक्षकों द्वारा पीटे जाने की खबर सुनने के बाद एक महिला की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो जाने संबंधी मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपाधीक्षक स्वर्णदीप सिंह ने आईएएनएस को बताया, "हमें पीड़िता के पति की तरफ से शिकायत मिली है। पुलिस गुरुप्रीत कौर की मौत के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।"
कक्षा आठ में पढ़ने वाला 13 वर्षीय छात्र रतनप्रीत सिंह मोहाली स्थित यादवेंद्र पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। वह 23 मई को 56 अन्य छात्रों के साथ एक सप्ताह के लिए मनाली घूमने गया था।
इस यात्रा के दौरान उसकी दो शिक्षकों अनिल पठानिया और हरीश कुमार द्वारा कथित तौर पर पिटाई की गई। रतनप्रीत ने घबराहट में 28 मई को अपने घर फोन कर इस घटना की जानकारी दी थी। यह खबर सुनने के बाद गुरप्रीत की दिल का दौरा पड़ने से उसी दिन मौत हो गई।
स्वर्णदीप सिंह ने बताया, "हमने शिक्षकों, छात्रों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर लिए हैं। दोषियों के खिलाफ उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।"
गौरतलब है कि स्कूल प्रशासन ने दोनों शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications