उप्र में विस्फोटकों के साथ 2 गिरफ्तार
सोनभद्र, 5 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के नक्सल प्रभावित सोनभद्र जिले से पुलिस ने शनिवार को दो व्यक्तियों को भारी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट, डेटोनेटर व अन्य विस्फोटकों के साथ गिरफ्तार किया।
जिले के ओबरा इलाके में पुलिस ने शनिवार तड़के ट्रक से विस्फोटक सामग्री लेकर जा रहे सूर्यभान व सत्येंद्र नाम के दो व्यक्तियों (40 वर्ष) को गुप्त सूचना के आधार पर धर दबोचा।
ओबरा थाना प्रभारी राम मोहन राय ने संवाददाताओं को बताया, "गिरफ्तार व्यक्ति मऊ जिले के रहने वाले हैं। उनके कब्जे से 16 टन अमोनियम नाइट्रेट, 25 डेटोनेटर और जिलेटिन की 31 छड़े बरामद की गईं।"
राय ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि बरामद विस्फोटक महाराष्ट्र से लाया गया था।
राय ने कहा कि हम नक्सलियों से इनके संबंधों के बारे में पड़ताल कर रहे हैं। साथ ही पूछताछ कर इस बात का पता लगाया जा रहा है कि इतनी भारी मात्रा में विस्फोटकों की आपूर्ति कहां करने जा रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications