गाजा जा रहे जहाज ने ठुकराया इजरायली हुक्म (लीड-1)
तेल अवीव, 5 जून (आईएएनएस)। फिलीस्तीनियों की मदद के लिए सहायता सामग्री और कार्यकर्ताओं को गाजा पट्टी ले जा रहे एक पोत ने शनिवार को इजरायली नौसेना का हुक्म ठुकराते हुए अशदोद बंदरगाह की ओर मुड़ने से इंकार दिया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इजरायली सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि राशेल कोरी जहाज ने नौसेना के अनुरोध पर अपनी पहचान तो बता दी लेकिन इजरायली बंदरगाह की ओर बढ़ने के लिए दो बार किए गए अनुरोधों को ठुकरा दिया।
फ्री गाजा आर्गेनाइजेशन ने ट्विटर पर लिखा है कि जहाज पर कब्जा नहीं किया गया है। जहाज से संपर्क करने के प्रयास नाकाम रहे हैं। सेना ने भी सुबह इस पर कब्जे से इंकार किया था। संगठन की प्रवक्ता ने बताया कि तट से कई किलोमीटर की दूरी पर इजरायली नौसेना के तीन जहाजों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
जहाज में सवार कार्यकर्ताओं ने अशदोद बंदरगाह पर लंगर डालने की आयरलैंड के विदेश मंत्री माइकल मार्टिन की मध्यस्थता की कथित योजना ठुकरा दी है। उन्होंने कहा था कि सारी सहायता सामग्री अशदोद बंदरगाह पर उतारी जाए और जांच के बाद उसे आगे भेजा जाए।
जहाज ने इस अनुरोध को ठुकराते हुए गाजा की ओर बढ़ना शुरू कर दिया है।
इजरायली विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा था कि इस जहाज को नौसैनिक घेराबंदी तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "हमास की मौजूदगी की वजह से गाजा अभी तक युद्ध क्षेत्र है और वहां अभी तक नाकेबंदी है।"
इससे पहले सोमवार को इजरायली नौसेना ने 700 से ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय कार्यकर्ताओं को ले जा रहे छह जहाजों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसमें नौ कार्यकर्ता मारे गए थे। उसकी इस कार्रवाई दुनिया भर में आलोचना की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications