चैक गणराज्य और क्रोएशिया जाएंगे अंसारी
आधिकारिक सूत्रों ने जानकारी दी है कि अंसारी रविवार की शाम तीन दिवसीय यात्रा पर चेक गणराज्य की राजधानी प्राग पहुंचेंगे। वह सोमवार को चेक राष्ट्रपति वॉसलाव क्लॉस से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि भारत वर्ष 2011-12 के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अस्थायी सीट पाना चाहता है। इसे देखते हुए अंसारी संयुक्त राष्ट्र में सुधारों पर चर्चा करेंगे और इस सीट के लिए भारत की उम्मीदवारी के लिए चेक गणराज्य का समर्थन प्राप्त करने की कोशिश करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में दो समझौते होंगे।
अंसारी सोमवार की दोपहर प्राग में '21वीं सदी में वैश्विक शासन प्रणाली के कुछ पहलू' विषय पर वक्तव्य देंगे।
यात्रा के दौरान अंसारी मंदी से उबरने के तरीकों पर बातचीत करेंगे। चेक अर्थव्यवस्था के इस साल मंदी से उबरने की उम्मीद है जबकि यहां भारत की ओर से और अधिक निवेश होने की उम्मीद की जा रही है। भारत दुनिया की दूसरी सबसे अधिक तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।
अंसारी एक भोज के दौरान भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। चेक गणराज्य करीब 100 भारतीय परिवारों का घर है।
अंसारी नौ जून को तीन दिवसीय यात्रा पर क्रोएशिया की राजधानी जैगरेब पहुंचेंगे। जहां वह क्रोएशियाई राष्ट्रपति ईवो जोसिपोविक से द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग बढ़ाने, संयुक्त राष्ट्र में सुधार सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। सूत्रों के मुताबिक दोनों देशों के बीच कुछ समझौते भी होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications