ईयू ने भारत-पाक वार्ता बहाली का स्वागत किया
ब्रसेल्स, 5 जून (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू)ने भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता बहाली का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे दोनों देशों को अपने लंबित मसले सुलझाने में मदद मिलेगी।
ईयू और पाकिस्तान की ओर से जारी संयुक्त बयान में कहा गया है, "ईयू ने भारत-पाक संबंधों के सामान्य होने के महत्व को दोहराया और बातचीत की प्रक्रिया आरंभ होने का स्वागत किया। उसने उम्मीद व्यक्त की है कि इससे दोनों पड़ोसी देशों को अपने लंबित मसले सुलझाने और आपसी विश्वास कायम करने में मदद मिलेगी।"
ईयू ने कहा कि वह पाकिस्तान के साथ रचनात्मक संपर्क चाहता है। संगठन ने पाकिस्तान को वर्ष 2011-13 के लिए सालाना साढ़े सात करोड़ यूरो की सहायता की प्रतिबद्धता जाहिर की।
दोनों पक्षों ने अपने रणनीतिक वार्ता को प्रभावशाली बनाने पर सहमति जताई। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के साथ शिखर बैठक के बाद यूरोपीय संघ परिषद के हरमन वेन रोम्पे ने कहा, "ईयू पाकिस्तान का बहुत अहम कारोबारी सहयोगी और विकास के लिए सहयोग करने वाले बड़े भागीदारों में से है।"
उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ में पाकिस्तानी मूल के 10 लाख से ज्यादा लोग हैं जो संगठन के कुछ सदस्य देशों की कुल आबादी से भी ज्यादा है।
गिलानी ने इस मौके पर कहा कि दोनों पक्षों के बीच ऊर्जा, सुरक्षा, परमाणु अप्रसार, स्थायित्व, पर्यावरण और व्यापार तथा आर्थिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications