उत्तर भारत में गर्मी से मामूली राहत (लीड-1)
देश में सबसे गर्म स्थान रामगुंडम (आंध्र प्रदेश) रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर, दिल्ली के लोगों को शनिवार को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है क्योंकि मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने राजधानी के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "बादल घिरे हुए हैं। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।"
अधिकारी ने कहा कि राजधानी में अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है और इसके 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
उत्तर प्रदेश में लखनऊ सहित राज्य के विभिन्न इलाकों में शनिवार सुबह बारिश होने से मौसम खुशगवार हो गया है। बरसात के बाद लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
लखनऊ के अलावा मुरादाबाद, रायबरेली, प्रतापगढ़ सहित कई स्थानों पर शनिवार सुबह आंधी के साथ हुई बारिश का लोगों ने जमकर आनंद उठाया।
पिछले 24 घंटों के दौरान बुंदेलखंड सहित कई इलाकों में हुई बारिश का अधिकतम तापमान पर खास फर्क नहीं पड़ा। वाराणसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक था। इसके अलावा इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री, गोरखपुर का 40.0 डिग्री, कानपुर का 40.2 डिग्री और लखनऊ का 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में झ्बारिश होने से अधिकतम तापमान में गिरावट होगी।
पंजाब और हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई जिससे शनिवार को लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली। तेज हवाएं चलने से कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए जिससे बिजली की आपूर्ति बाधित हुई।
शुक्रवार रात 24.8 मिलीमीटर तक बारिश होने के बाद शनिवार को अमृतसर और पंजाब का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला और लुधियाना में न्यूनतम तापमान 20.9 तथा 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चण्डीगढ़ का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जहां शुक्रवार रात को 9.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।
हरियाणा में अंबाला और हिसार का तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया जबकि शनिवार सुबह करनाल का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर, बिहार में पटना सहित बिहार के करीब सभी इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले चौबीस घंटे में पटना का अधिकतम तापमान 37़ 7 डिग्री सेल्सियस, गया का 42़ 3, भागलपुर का 35़ 4 तथा पूर्णिया का 29़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान 26़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि भागलपुर का 28़ 2, गया का 29़ 5 तथा पूर्णिया का 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने शनिवार को बताया, "अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इस बीच तेज हवा चलने की भी आशंका जताई गई है।"
मौसम विभाग ने असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले 48 घंटों दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी है, वहीं अरब सागर में उठे खतरनाक तूफान की वजह से गुजरात के तटीय इलाकों में मछुवारों को ऐहतियात बरतने की हिदायत दी गई है।
लक्ष्यद्वीप, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक के तटीय इलाकों और अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह में गरज के साथ बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमोत्तर और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications