दिल्ली में सफदरजंग अस्पताल के छात्र भूख हड़ताल पर
नई दिल्ली। सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल कॉलेज के 300 से ज्यादा छात्र मंगलवार को बुनियादी सुविधाओं मसलन पानी, लिफ्ट और एयर-कंडीशन की मांग करते हुए भूख हड़ताल पर चले गए। वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमसीसी) के छात्र पिछले दो महीनों से पीने के पानी, लिफ्ट और एयर-कंडिशन को लेकर शिकायत कर रहे थे।
वीएमसीसी के छात्र कल्याण संघ के अध्यक्ष करण वत्स ने बताया, "हम इन समस्याओं के समाधन के लिए प्रशासन से बार-बार अनुरोध करते रहे, लेकिन उनके कान पर जूं तक नहीं रेंगा। लिहाजा हम हड़ताल पर जाने को मजबूर हुए हैं।" छात्रों ने बताया कि 120 से अधिक छात्र बिना हवादार कक्षा में रहने को मजबूर हैं और उनके पीने के पानी का भी कोई इंतजाम नहीं है।
एमबीबीएस तीसरे वर्ष की छात्रा अशिमा ने कहा, "हमारी समास्याओं पर कॉलेज प्रशासन ध्यान ही नहीं देता है। हम इसके लिए चिकित्सा अधीक्षक और प्रधानाचार्य का दरवाजा कई बार खटखटा चुके हैं।" अशिमा ने कहा, "हवादार कक्षा और पीने का पानी नहीं होने की वजह से एमबीबीएस प्रथम वर्ष के दो छात्र परीक्षा के दौरान बेहोश हो गए थे।"













Click it and Unblock the Notifications