मिस इंडिया यूनिवर्स की नजर बॉलीवुड पर
मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। वर्ष 2010 के लिए हाल ही में मिस इंडिया यूनिवर्स चुनी गईं उशोषी सेनगुप्ता अपनी भविष्य की योजनाओं को लेकर काफी आश्वस्त हैं। सेनगुप्ता का कहना है कि वह अभिनेत्री बनना चाहती हैं।
सेनगुप्ता ने आईएएनएस को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "अगर मैं कहूं कि मुझे अभिनेत्री नहीं बनना तो यह गलत होगा, मैं अभिनेत्री बनने की सोच के साथ बड़ी हुई हूं। मैं शाहरुख खान के साथ काम करना चाहती हूं और मौका मिला तो 'मैं हूं ना' जैसी किसी फिल्म में काम करना चाहूंगी।"
सेनगुप्ता ने बीते शुक्रवार को मिस युनिवर्स इंडिया-2010 का खिताब जीता था। उन्होंने कहा कि वह लास वेगास में आगामी 23 अगस्त को होने जा रही वर्ष 2010 की मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने को लेकर काफी उत्साहित हैं।
सेनगुप्ता ने कहा, "ज्यादातर लोग इसे सफल बनने का जरिया मानते हैं लेकिन मेरे लिए यह लक्ष्य था। लक्ष्य तक पहुंचने का एहसास अद्भुत होता है। जब मैंने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया तो तब मैंने तय कर लिया था कि मैं इस लक्ष्य को प्राप्त कर सकती हूं इसलिए मुझे यही करना है।"
उन्होंने कहा,"मैं भारत के प्रतिनिधित्व को लेकर बहुत गौरवान्वित हूं। मुझे यह मौका मिला है इसलिए मैं अपना भरपूर प्रयास करूंगी।"
सेनगुप्ता कोलकाता के सेंट जेवियर्स कॉलेज से कला एवं सामाजिक विज्ञान में स्नातक हैं। उन्होंने बताया कि वे अपने माता-पिता और दोस्तों से मिलने और कोलकाता जाने के लिए बेचैन हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications