अफगानिस्तान में अलग-अलग घटनाओं में 15 मरे (लीड-1)
काबुल, 30 मई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के अलग-अलग प्रांतों में रविवार को हुई विभिन्न घटनाओं में 15 लोगों की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी डीपीए ने आंतरिक मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान के हवाले से खबर दी है कि खोस्त प्रांत के अलग-अलग जगहों पर हुए चार विस्फोटों में एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई।
बयान में कहा गया है कि इस हमले में चार महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। देश के दुश्मनों द्वारा सड़क किनारे तीन विस्फोट किए गए जबकि चौथा हमला रॉकेट से किया गया था।
एक अन्य घटना में तालिबान के आतंकवादियों ने नाटो सेनाओं को तेल की आपूर्ति करने वाले छह टैंकरों को आग के हवाले कर दिया। ये टैंकर कांधार में नाटो सैनिकों को तेल की आपूर्ति करने जा रहे थे।
उधर, खोस्त प्रांत में एक अज्ञात बंदूकधारी ने एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी।
स्थानीय अधिकारी मोहम्मद नवाब के हवाले से खबर दी गई है कि यह वारदात शनिवार रात खोस्त प्रांत के बाहरी इलाके लंकन गांव में हुई। चारों व्यक्ति दिहाड़ी मजदूर थे।
अधिकारी ने दावा किया कि शांति के दुश्मनों ने इस घटना को अंजाम दिया है। उधर, तालिबान के आतंकवादियों की तरफ से इस घटना के बारे में कोई बयान नहीं आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मारे गए चारों व्यक्ति एक ही परिवार के सदस्य थे।
दूसरी तरफ बदकशां प्रांत में रविवार को पुलिसकर्मियों के एक वाहन को निशाना बनाकर किए गए बम विस्फोट में एक वरिष्ठ अधिकारी समेत छह पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।
प्रांत के गवर्नर के प्रतिनिधि शम्सुल रहमान शम्स के हवाले से खबर दी है कि दाराइम जिले में दोपहर को पुलिस वाहन को निशाना बनाकर रिमोर्ट कंट्रोल से यह विस्फोट किया गया। इस विस्फोट में वरिष्ठ अधिकारी अमानउल्लाह सहित छह पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।
शम्स ने बताया कि इस विस्फोट में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिसकर्मियों पर यह हमला उस समय किया गया जब वह पोस्त के खेत को नष्ट करने जा रहे थे। बदकशां प्रांत को अफगानिस्तान की सबसे शांतिप्रिय जगहों में गिना जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications