गडकरी को महंगा पड़ेगा जवाब : लालू
लालू ने पटना में संवाददताओं से कहा,' भाजपा के नए अध्यक्ष गडकरी ने चण्डीगढ़ में जिस स्तर की भाषा का इस्तेमाल किया, वैसी भाषा लालकृष्ण आडवाणी या किसी अन्य नेता ने कभी नहीं बोली। उनकी टिप्पणी बेहद ओछी और शर्मनाक है।' उन्होंने कहा कि गडकरी ने यह बयान देकर अपने स्तर को सबके सामने ला दिया है। लालू ने कहा, 'गडकरी को कैसे भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अध्यक्ष बना दिया। वह तो किसी वार्ड के अध्यक्ष बनने लायक भी नहीं हैं।'
पढ़े : सिनेमा की खबरें
पूर्व रेल मंत्री ने कहा कि गडकरी के बयान की पूरे देश में निंदा हो रही है और जनता में आक्रोष है जो देश के लोकतंत्र के लिए अच्छा है। उन्होंने कहा, 'माफी से काम नहीं चलेगा उन्हें इसका जवाब दिया जाएगा। राजद इसके लिए संघर्ष का रास्ता अपनाएगी। राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन चलाया जाएगा। इसकी रूपरेखा तैयार करने के लिए पटना में शुक्रवार को राजद की बैठक बुलाई गई है।'
लालू ने कहा कि भाजपा के लोग केन्द्र सरकार पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का दुरुपयोग करने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि भाजपा के ही कई नेताओं के पैसे स्विस बैंक में जमा हैं। इसकी जानकारी सीबीआई को हो गई है और भाजपा के नेता अपने बचाव में अभी से ही भूमिका बना रहे हैं।
लालू के खिलाफ असभ्य शब्द का प्रयोग किए जाने के मामले में राजद के साथ कांग्रेस ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में शुरू से ही फर्क रहा है। भाजपा के नेता सभ्यता और संस्कृति की बात करते हैं लेकिन उनके अध्यक्ष ने ही सारी मर्यादायें तोड़कर बयान दे रहे हैं। यह किसी अध्यक्ष को शोभा नहीं देता।
राजद के पूर्व सांसद एवं प्रधान महासचिव रामकृपाल यादव ने कहा, 'गडकरी बीमार हो गए हैं। देश की राजनीति में भाजपा की कमजोर होती स्थिति को देखते हुए उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ सी गई है।'उन्होंने कहा कि ऐसे बयान से पूरा लोकतंत्र कलंकित हो गया है।










Click it and Unblock the Notifications