दलित महिला ने लगाया सामूहिक बलात्कार का आरोप
पंचकुला (हरियाणा), 5 मई (आईएएनएस)। हरियाणा में एक दलित महिला ने अपने जाट पति और उसके साथियों पर सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाया है। महिला का यह भी आरोप है कि उसे दहेज के नाम पर प्रताड़ित किया जाता है। हरियाणा पुलिस ने बुधवार को इस संबंध में जांच का आदेश जारी किया।
पुलिस के अनुसार शीना (बदला हुआ नाम) ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मंगलवार को यहां पुलिस मुख्यालय में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) श्रवणजीत सिंह से मुलाकात की थी और अपने पति सुखविंदर सिंह व अन्य के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी।
शीना पानीपत के अहार गांव से संबंध रखती है जबकि उसका पति करनाल जिले के नारू-खेरी गांव का रहने वाला है। दोनों की उम्र करीब 20 साल है और अप्रैल 2009 में इनकी शादी हुई थी।
शिकायत को संज्ञान में लेते हुए श्रवणजीत सिंह ने मामले की जांच का जिम्मा रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक वी. कामराज सौंपा है और उन्हें एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा है।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, "दलित महिला का आरोप है कि सुखविंदर ने उसके पिता की संपत्ति और पैसे की लालच में उससे शादी की। शादी के कुछ दिन बाद ही वह एक कार और दहेज में कुछ और रकम लाने के लिए उस पर दबाव बनाने लगा।"
प्रवक्ता के अनुसार, "महिला का आरोप है कि जब उसने दहेज लाने से इंकार कर दिया तो उसके पति ने उसे बुरी तरह पीटा। दहेज के नाम पर धन लाने के लिए राजी करने के नाम पर सुखविंदर ने एक तांत्रिक का सहारा लिया। इसके बाद तांत्रिक और उसके मित्रों ने उसके पति के सामने ही महिला से बलात्कार किया।"
अपनी शिकायत में महिला ने एक स्वतंत्र एजेंसी से मामले की जांच की मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications