मप्र के उद्योगपतियों को इंडोनेशिया आने का न्योता
भोपाल प्रवास पर आए गालिब ने पीएचडी चेम्बर के सदस्यों से चर्चा के दौरान कहा कि इंडोनेशिया में भारत के अनेक उद्योगपतियों ने कई क्षेत्रों में निवेश किया है। वे चाहते हैं कि मध्य प्रदेश के उद्योगपति भी वहां आकर निवेश करें। इंडोनेशिया में विदेशी 100 प्रतिशत निवेश कर सकते हैं। उद्योग जगत में भारतीय व इंडोनेशिया के नागरिक एक ही नजर से देखे जाते हैं।
उन्होंने भारत और इंडेानेशिया के संबंधों का हवाला देते हुए कहा कि भारत को आदर और सम्मान से देखा जाता है। यहां की संस्कृति को वहां के लोगों ने आत्मसात किया है। यही कारण है कि वहां के लोग भारतीय रेस्तरां और फिल्में पसंद करते हैं।
उन्होंने कहा है कि भारत सांस्कृतिक महाशक्ति बन चुका है और वह तकनीकी क्षेत्र में महारत हासिल कर आर्थिक महाशक्ति बनेगा। इस मौके पर पीएचडी चेम्बर मध्य प्रदेश कमेटी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने गालिब दंपत्ति का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन चेम्बर के क्षेत्रीय निदेशक राजेद्र कोठारी ने किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।