निरुपमा का पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों को नोटिस
कोडरमा सिविल अस्पताल के सर्जन बी.मोहन ने बुधवार को कहा, "निरुपमा का विसरा और भ्रूण को संरक्षित नहीं रखने के मामले में तीन चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।"
अधिकारियों के मुताबिक चिकित्सकों ने निरुपमा की मौत के समय की जानकारी भी रिपोर्ट में नहीं दी है।
भ्रूण और विसरा को महत्वपूर्ण बताते हुए एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "भ्रूण की मदद से इस बात का खुलासा किया जा सकता है कि उसका पिता कौन है। फोरेंसिक जांच दल के निरुपमा के घर का दौरा किए जाने के बाद चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उनसे भ्रूण और विसरा की मांग की गई है।"
अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के अधिकारी और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी कोडरमा जिले में स्थित निरुपमा के घर का दौरा किया।
सूत्रों के मुताबिक टीम ने उस कमरे से सैंपल इकट्ठे किए जहां निरुपमा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया था।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने निरुपमा की माता सुधा देवी को इस मामले में गिरफ्तार किया है जबकि उसके पिता और भाई से पूछताछ की जा रही है।
निरुपमा के परिजनों का कहना है कि उसने आत्महत्या की है जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक जिस वक्त निरुपमा की हत्या की गई वह गर्भवती थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications