जागरण समूह मिड-डे के प्रिंट कारोबार का अधिग्रहण करेगा
समूह के बोर्ड की तरफ से कहा गया है कि चार केंद्रों से प्रकाशित होने वाले मिड-डे, संडे मिड-डे, गुजराती मिड-डे और उर्दू अखबार इंकलाब का दोबारा-विलय के माध्यम से अधिग्रहण किया जाएगा।
एक पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई मिड-डे इंफोमीडिया लिमिटेड के जिम्मे मिड-डे का प्रिंट कारोबार है। कंपनी के पास इंटरनेट से संबंधित संपत्तियों का भी अधिकार है।
रेडियो का व्यापार मिड-डे के मौजूदा मालिक के पास बना रहेगा।
जागरण प्रकाशन के प्रबंध निदेशक और चेयरमैन महेंद्र मोहन गुप्ता ने कहा, "मिड-डे और इंकलाब दोनों मजबूत ब्रांड हैं और बाजार में इनका एक अलग स्थान है। इन्हें आगे और मजबूत किया जाएगा।"
उन्होंने कहा, "प्रस्तावित विलय से हमें अपनी मौजूदा बाजार हिस्सेदारी को बढ़ाने के कई मौके मिलेंगे। इसके अलावा हमें नए बाजार में भी उतरने का अवसर प्राप्त होगा।"
मिड-डे प्रबंध निदेशक तारिक अंसारी ने कहा, "देश के सबसे बड़े समाचार पत्र समूह जागरण के साथ खड़े होकर हमारे लाभ में बढ़ोतरी होगी और शेयरधारकों को बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकेगा।"
इस खबर के तुरंत बाद बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में मिड-डे के शेयरों में 18 फीसदी का इजाफा हुआ और यह 33.55 रुपये पर बंद हुआ। दूसरी तरफ जागरण के शेयरों में करीब तीन फीसदी की गिरावट आई और यह 115 रुपये पर बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications