पंजाब, हरियाणा ने कहा चण्डीगढ़ में पानी की खपत ज्यादा
पंजाब, हरियाणा की सरकारों का कहना है कि केंद्र शासित प्रदेश चण्डीगढ़ में पानी की खपत राष्ट्रीय औसत से दोगुनी है।
पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ के अधिकारियों की एक बैठक में मंगलवार को पंजाब के मुख्य सचिव एस. सी. अग्रवाल ने कहा, "चण्डीगढ़ में पानी की उपलब्धता 285 लीटर प्रति व्यक्ति प्रति दिन है, जो कि राष्ट्रीय औसत 150 लीटर प्रति व्यक्ति प्रति दिन से लगभग दोगुनी है।"
उन्होंने कहा कि पानी की उपलब्धता की वास्तविक स्थिति का आकलन करके इसका दक्षतापूर्ण वितरण किया जाएगा। चण्डीगढ़ द्वारा की गई अतिरिक्त पानी की मांग को लेकर मामला न्यायालय में चल रहा है।
आईएएनएस को आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब और हरियाणा की सरकारें चण्डीगढ़ से जुड़े मोहाली और पंचकुला शहरों के लिए ज्यादा पानी चाहती हैं।
चण्डीगढ़ की जनसंख्या 11 लाख है जबकि मोहाली और पंचकुला की संयुक्त जनसंख्या चार लाख के करीब है।
पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ के अधिकारियों की यह बैठक पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के उस आदेश के बाद बुलाई गई थी जिसमें न्यायालय ने चण्डीगढ़ और करीबी कस्बों में जल वितरण के विवाद को निपटाने के लिए कहा गया था।
पंजाब और हरियाणा के अधिकारियों ने कहा कि चण्डीगढ़ में पानी की ज्यादा आपूर्ति होने से मोहाली और पंचकुला में पानी की पर्याप्त उपलब्धता नहीं हो पा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications