मौसम की सटीक भविष्यवाणी के लिए तैनात होंगे चीनी राडार
अगरतला, 5 मई (आईएएनएस)। देश में मौसम की भविष्यवाणी अब पहले से बेहतर और सटीक हो सकेगी। मौसम विभाग द्वारा पूरे देश में चीन निर्मित डोपलर राडार लगाए जाने के बाद ऐसा संभव हो सकेगा।
चीन के बीजिंग में स्थित मेटस्टार राडार कंपनी द्वारा तैयार किए गए विशेष तकनीक के डोपलर राडारों को खरीदा गया है। इन राडारों को इमारतों की छतों पर 16 मीटर की ऊंचाई पर लगाया जाएगा।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के निदेशक दिलीप साहा ने यहां बताया, "डोपलर मौसम राडार (डीडब्ल्यूआर) 500 किलोमीटर की परिधि में मौसम की सटीक जानकारी उपलब्ध कराएगा।"
उन्होंने कहा देश में 15 जगहों पर डोपलर राडार लगाए जाने का काम चल रहा है। कुछ जगहों पर डोपलर राडार अगले महीने मानसून सक्रिय होने से पहले ही लग जाने की संभावना है।
डोपलर राडारों को लगाने के लिए स्थलों का चुनाव कर लिया गया है। मुंबई, पुणे, पटना, गोवा, पटियाला, मोहनबाड़ी व डिब्रूगढ़, लखनऊ, पारादीप, करायकल, कोच्चि, भोपाल, नागपुर और अगरतला में ये राडार लगाए जाएंगे।
साहा बताते हैं कि चीनी राडारों को 24 घंटे संचालित किया जाएगा। राडारों के काम करने की गति बहुत तेज है और ये बहुत बड़े इलाके की भविष्यवाणी कर सकेंगे।
साहा के मुताबिक भारतीय मौसम विभाग द्वारा प्रयोग में लाए जाने वाले आम राडारों की तुलना में चीनी राडार काफी बेहतर और विकसित तकनीक वाले हैं। ये वायुमंडल में चल रही हवाओं की गति और किसी अप्रिय घटना के बारे में अधिक सटीक जानकारी उपलब्ध कराएंगे। राडार की मदद से हल्की या तेज बारिश की भी भविष्यवाणी की जा सकेगी।
उल्लेखनीय है कि एक डोपलर राडार को खरीदने में 10 करोड़ रुपये की लागत आई है जबकि इस नई तकनीक को स्थापित करने के लिए बुनियादी ढांचे को विकसित करने में छह करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि खर्च की जाएगी।
वर्तमान में देश के पास जर्मनी में बने राडार काम कर रहे हैं। इन राडारों को विशाखापत्तनम, मछलीपट्टनम, चेन्नई और कोलकाता में लगाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications