विदेश यात्रा के लिए नकदी की सीमा बढ़ी
नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। विदेश यात्रा पर जाने वाले लोग अब भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की अनुमति के बगैर 3,000 डॉलर या उसके बराबर राशि साथ ले जा सकते हैं।
आरबीआई ने एक सर्कुलर में कहा कि विदेश यात्राओं के लिए नकदी की सीमा 2,000 डॉलर से बढ़ाकर 3,000 डॉलर कर दी गयी है। नई सीमा तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
विदेश यात्रा पर नकदी सीमा की अंतिम बार समीक्षा नवंबर 2001 में की गई थी।
बहरहाल विदेश यात्रा के दौरान 3,000 डॉलर से अधिक की राशि ले जाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक की अनुमति की आवश्यकता होगी।
आरबीआई ने यह भी कहा कि यह प्रावधान इराक, लीबिया, ईरान, रूस और अन्य पूर्व सोवियत मध्य एशियाई देशों (सीआईएस)पर लागू नहीं होगा।
ईराक और लीबिया की यात्रा पर 5,000 डॉलर तक बिना आरबीआई की अनुमति के ले जा सकने का नियम जारी रहेगा और ईरान, रूस तथा सीआईएस देशों के लिए भी नियमों में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications