उत्तर भारत में आंधी, बारिश के आसार (लीड-1)

देश में बुधवार को सबसे गर्म स्थान राजस्थान का श्रीगंगानगर रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तर पश्चिम के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जाहिर की गई है।

उधर, उत्तरी राजस्थान में लोग भीषण गर्मी की चपेट में हैं। राजस्थान के साथ ही हरियाणा, हिमालच प्रदेश के कुछ भागों में अभी लू की स्थिति बरकार रहने की आशंका बनी हुई है। इससे दो दिन बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है।

दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने हालांकि शाम तक धूल भरी आंधी या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान व्यक्त किया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया,"दिल्ली में बुधवार शाम तक धूल भरी आंधी या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, लेकिन तब तापमान औसत से ऊपर बना रहेगा।"

राजधानी में बुधवार तड़के न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। आद्र्रता 42 फीसदी दर्ज की गई।

उधर, हल्के बादल छाये रहने और पुरवा हवा के कारण पटना सहित बिहार के सभी हिस्सों में लोग गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं। उमस के कारण हालांकि लोगों को परेशानी जरूर झेलनी पड़ रही है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में राज्य में मौसम में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेष चंद्रा ने बुधवार को बताया कि आने वाले दो-तीन दिनों में मौसम सामान्य रहेगा। उन्होंने संभावना व्यक्त की है कि अगर आसमान में बादल गहराये तो राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश भी हो सकती है।

उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में पिछले तीन-चार दिनों से हो रही हल्की बारिश और बदली छाने से लोग भीषण गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं। अगले 24 घंटों में राज्य में गरज के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।

राज्य के विभिन्न इलाकों में मंगलवार को बादल छाये रहे और बहराइच सहित कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभवना जताई है।

मौसम में आए बदलाव से पिछले कुछ दिनों से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 39.3, कानपुर का 38.4, गोरखपुर 38.2 और राजधानी लखनऊ का 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस दौरान झांसी प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मध्य प्रदेश में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार होने के बावजूद हल्की बारिश और बौछार से प्रदेशवासियों को राहत मिल रही है। प्रदेश का सर्वाधिक गर्म स्थान शाजापुर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

प्रदेश के अनेक हिस्सों में पिछले तीन-चार दिनों से हल्की बूंदाबांदी और बौछारों के साथ हवाओं का दौर जारी है। इसके चलते अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने के बावजूद सूरज की तपन ज्यादा नहीं चुभ रही है।

प्रदेश के चार प्रमुख शहरों भोपाल में तापमान 40.5, इंदौर व ग्वालियर में 40.2 और जबलपुर में 40.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक आने वाले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बौछारें पड़ सकती है। इसके कारण प्रदेशवासियों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर के असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय में भारी बारिश हो सकती है और नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की वर्षा की संभावना है।

दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक के तटीय इलाकों, लक्ष्यद्वीप और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ छींटे पड़ने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार बिहार, झारखण्ड, उड़ीसा और सिक्किम में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।

उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के मौसम में अगले 24 घंटों में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+