मोटरमैन हड़ताल से थम गईं मुंबई लोकल ट्रेनें

मुंबई की 'लाइफलाइन' कही जाने वाली लोकल ट्रेन के 600 से अधिक मोटरमैन की हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी है। 10 मोटरमैनों के निकाले जाने के विरोध में हुई इस हड़ताल की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। हड़ताल की वजह से मंगलवार सुबह पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे को यात्रियों के लिए सलाह जारी करनी पड़ी। रेलवे ने एसएमएस जारी कर कहा कि बेहद जरूरी होने पर ही यात्री रेलगाड़ी का प्रयोग करें।
पढ़ें- मुंबई की अन्य खबरें
मोटरमैन सोमवार सुबह छह बजे से भूख हड़ताल पर हैं। वे वेतन में वृद्धि की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा है कि वह इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री से मिलेंगे। मंगलवार सुबह रेलवे ने 2000 लोकल ट्रेनों में से लगभग 80 फीसदी को रद्द कर दिया। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही है।
मुंबई की बस सेवा बीईएसटी और एमएसआरटीसी लोगों की सहूलियत के लिए अधिक बसें चला रही है। यातायात सुविधा में हो रही परेशानी की वजह से मुंबई विश्वविद्यालय ने कहा है कि देर से पहुंचने वाले छात्रों को परीक्षा में अतिरिक्त समय दिया जाएगा। सोमवार की शाम जब अचानक ट्रेनें थम गई, तो यात्रियों ने मुंबई के कई रेलवे स्टेशनों पर तोड़फोड़ भी की थी।












Click it and Unblock the Notifications