उत्तर भारत में तेज आंधी की आशंका
नई दिल्ली। देश के उत्तर और पूर्वोत्तर इलाकों में आगामी 48 घंटों के दौरान तेज आंधी का अनुमान व्यक्त किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखण्ड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज आंधी चल सकती है।
आईएमडी के अनुसार पश्चिमोत्तर, मध्य, और पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से दो-चार डिग्री अधिक रिकार्ड किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान देश में सबसे गर्म स्थान नागपुर (महाराष्ट्र) रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली में गुरुवार रात हुई हल्की बारिश का असर शुक्रवार सुबह देखा गया। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। आईएमडी ने हल्की बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की है। उधर, बिहार के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। पटना एवं आसपास के इलाकों में गुरुवार देर रात तेज हवाएं चलीं और राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है लेकिन इसके बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली है। भोपाल स्थित क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे गर्म स्थान खजुराहो रहा, जहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया।












Click it and Unblock the Notifications