माधुरी मामला बेहद संगीन : कृष्णा
थिम्पू । विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतवास की एक महिला राजनयिक की जासूसी के आरोप में हुई गिरफ्तारी को 'गंभीर मसला' करार दिया है। दूसरी ओर पाकिस्तान ने दोहराया है कि यह भारत का 'आतंरिक मामला' है। भूटान की राजधानी थिम्पू में आयोजित दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के 16वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे कृष्णा ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, 'मामले की जांच चल रही है। इसके पूरी होने तक का हमें इंतजार करना होगा। इसके बाद ही हमें इसके पीछे के मकसद और हथकंडे का पता चल पाएगा।'
भारतीय दूतावास में द्वितीय सचिव माधुरी गुप्ता को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसिज इंटेलीजेंस (आईएसआई) के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली की रहने वाली 53 वर्षीय माधुरी फिलहाल पुलिस हिरासत में है। विदेश मंत्री ने कहा, 'यह एक गंभीर मुद्दा है। इसीलिए उसे (माधुरी) वापस बुलाया गया और वह पुलिस की हिरासत में है। केंद्रीय गृह मंत्रालय मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट मिल जाने के बाद भारत सरकार जरूरी कार्रवाई करेगी।'
दूसरी ओर पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक बार फिर इसे भारत का आतंरिक मामला करार दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें मीडिया के जरिए इसकी जानकारी मिली और इस बारे में अब तक उनके पास कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है।













Click it and Unblock the Notifications