ब्लैकबेरी 10 करोड़ ग्राहक बनाएगी
टोरंटो, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रतिस्पर्धी कंपनी एप्पल के आईफोन से मिल रही चुनौती के मद्देनजर ब्लैकबेरी फोन निर्माता रिसर्च इन मोशन (रिम) ने अपने ग्राहकों की संख्या बढ़ाकर दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है।
फिलहाल दुनियाभर में ब्लैकबेरी के उपयोगकर्ताओं की संख्या 4.1 करोड़ है। यह संख्या दुनिया के कुल मोबाइल फोन बाजार का करीब तीन फीसदी है।
मंगलवार को रिम के अध्यक्ष और संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइक लेजार्डिस ने कहा,"4.1 करोड़ ग्राहकों की मौजूदगी एक अच्छी शुरूआत है और हमारा अगला लक्ष्य ग्राहकों की संख्या बढ़ाकर 10 करोड़ तक ले जाना है।"
फ्लोरिडा के ऑरलैंडो में रिम द्वारा आयोजित वायरलेस एंटरप्राइजेज परिचर्चा में विचार व्यक्त करते हुए लेजार्डिस ने कहा कि उनकी कंपनी अब नए एप्लीकेशन्स से युक्त स्मार्ट फोन के जरिए बाजार में उतरने की योजना पर काम कर रही है।
बाजार को लक्ष्य करते हुए रिम जल्द ही ब्लैकबेरी-6 लेकर आएगी। यह फोन उपभोक्ता केंद्रित ऑपरेटिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर से संचालित होगा, साथ ही इसमें 'यूनिवर्सल सर्च बार' और बेहतर ग्राफिक्स एवं एनीमेशन सॉफ्टवेयर शामिल होंगे।
एप्पल और ब्लैकबेरी की तुलना करते हुए फोब्स पत्रिका का कहना है कि, "एप्पल के उत्पादों की श्रंखला (मेक्स, आईपेड, एप्पल टीवी) और सेवाएं (आई ट्यून्स, आईफोन्स एप्स), एप्पल को दूसरे स्मार्ट फोन की तुलना में आकर्षक बना रही हैं। एप्पल, अब ब्लैकबेरी के नियमित ग्राहकों को भी तोड़ रही है।"
हालांकि जानकारों का कहना है कि बाजार में प्रवेश करने के प्रलोभन के चलते ब्लैकबेरी की लोकप्रियता उसके मुख्य कार्पोरेट ग्राहकों के बीच घट सकती है। अब तक अपने सुरक्षित मैसेजिंग तंत्र के लिए मशहूर ब्लैकवेरी अपने परंपरागत बांड इमेज को नुकसान पहुंचा सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications