उत्तर भारत में गर्मी से राहत के आसार नहीं (लीड-1)
नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। पूरे उत्तर भारत में फिलहाल गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुमान है कि यहां बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में धूल भरी या गरज-चमक के साथ आंधी आ सकती है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
उत्तर प्रदेश में भयंकर गर्मी और तपिश का कहर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान झांसी का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 43.0 डिग्री सेल्सियस, आगरा का 43.6 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 42.9 डिग्री सेल्सियस और लखनऊ का 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने बुधवार को बताया कि फिलहाल तापमान में गिरावट के कोई आसार नहीं हैं।
बिहार में मौसम में आई थोड़ी नरमी से लोगों को कुछ राहत तो जरूर मिली है लेकिन उमस की वजह से परेशानी बरकरार है। पिछले दो सप्ताह से पटना समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में पुरवा हवा चल रही है जिससे गर्मी की तपिश में कुछ कमी आई है लेकिन उमस में बढ़ोतरी हुई है।
पटना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.़3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि आद्र्रता 43 प्रतिशत मापी गई। गया में मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.5, भागलपुर में 36.6 तथा पूर्णिया में 32.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने बुधवार को बताया कि आने वाले दो दिनों में राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। पुरवा हवा के कारण आद्र्रता बढ़ गई है जिससे लोग गर्मी कम उमस ज्यादा महसूस कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी है और यहां के ज्यादातर हिस्सों का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। भोपाल स्थित क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्म हवाओं का कहर जारी है। बुधवार को राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि ग्वालियर का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे के दौरान सीधी, खजुराहो, दतिया और नौगांव में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तापमान में गिरावट के कोई आसार नहीं हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले 48 घंटों के भीतर पूर्वोत्तर के राज्यों, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, उड़ीसा और केरल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी आ सकती है। आईएमडी ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चण्डीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि का भी अनुमान लगाया है।
आईएमडी के अनुसार हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश और झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में गर्म हवाएं चलेंगी। पिछले 24 घंटों के दौरान झांसी देश का सबसे गर्म स्थान रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications