हेडली से पूछताछ कर सकेगा भारत
अरूण कुमार
वाशिंगटन, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई हमलों में अपनी भूमिका स्वीकार करने वाले पाकिस्तानी मूल के अमरिकी नागरिक डेविड कोलमेन हेडली से सीधी पूछताछ करने की दिशा में भारत दो कदम आगे बढ़ा है। अमेरिका इस दिशा में उचित कदम उठाने को सहमत हो गया है।
इस संबंध में मंगलवार को भारत के सॉलिसिटर जनरल गोपाल सुब्रमण्यम और अमेरिकी अटार्नी जनरल एरिक होल्डर के बीच बातचीत हुई। इस बातचीत में भारतीय राजदूत मीरा शंकर और अमेरिकी न्याय विभाग के अधिकारी भी शामिल हुए।
भारतीय दूतावास की ओर से कहा गया, "हेडली से सीधी बातचीत के लिए दोनों पक्ष उपयुक्त कदम उठाने की दिशा में सहमत हैं।"
भारतीय अधिकारियों ने कहा, "भारत और अमेरिका के बीच समझौते में दोनों देशों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में है। वार्ता में यह बात सामने आई कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोनों देश बढ़चढ़कर एक दूसरे का सहयोग करेंगे।"
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आश्वासन दिया था कि भारत हेडली से सीधी पूडताछ कर सकेगा। इसी दिशा में बातचीत की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए सुब्रमण्यम अमेरिका पहुंचे हैं। हेडली मुंबई हमले में अपनी भूमिका स्वीकार कर चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications