बैंसला इसरानी समिति के समक्ष गुर्जरों का पक्ष रखेंगे
विशेष पिछड़ा वर्ग में आरक्षण की मांग को लेकर गुर्जरों का राज्य में विभिन्न स्थानों पर महापड़ाव आज 12 वें दिन भी जारी रहा। भरतपुर के महरावल गांव में संवेदनशील पीलूपुरा के पास महापड़ाव स्थल पर गुर्जरों ने तीन मई को महापंचायत बुलाई है। इस दिन इसरानी समिति उच्च न्यायालय में आरक्षण मामले पर अपनी सिफारिशें पेश करेगी।
बैसला ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि गुर्जर तीन मई तक उच्च न्यायालय के आदेशों का इंतजार करेंगे। इसके बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैंसला ने कहा कि वह न्यायालय का सम्मान करते हुए 29 अप्रैल को समिति के सामने पक्ष रखने जाएंगे। उन्हें हालांकि मंगलवार को ही समिति के सामने पक्ष रखना था। राज्यपाल प्रभा राव के निधन के कारण वह समिति के समक्ष हाजिर नहीं हो सके थे।
बैंसला का कहना है कि पांच प्रतिशत आरक्षण गुर्जर और दूसरी जातियों को मिल चुका है और वह समिति के समक्ष इसी बात को रखते हुए उस फैसले पर लगी अदालती रोक को हटवाने की मांग रखेंगे। बैंसला का कहना है, "इस बार हमने वार्ता का रास्ता अपनाया है और गांधीवादी तरीके से अपना आंदोलन जारी रखा है। हम हिंसा में विश्वास नहीं करते, लेकिन अपना हक मांगने के लिए गुर्जर समाज अंत तक चुप नहीं बैठेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications