तेलंगाना नहीं बना, तो युद्ध जैसी स्थिति होगी : टीआरएस
हैदराबाद, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की नौवीं वर्षगांठ के अवसर पर चेतावनी दी गई है कि यदि अलग तेलंगाना राज्य का गठन नहीं हुआ तो युद्ध जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाएगी।
टीआरएस के प्रमुख विचारक के. जयशंकर ने कहा कि यदि श्रीकृष्णा समिति ने तेलंगाना क्षेत्र की जनता की भावनाओं के अनुरूप अपनी रिपोर्ट नहीं दी तो फिर युद्ध जैसी स्थिति को रोक पाना मुश्किल होगा।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गठित समिति अलग तेलंगाना राज्य की मांग कर रहे लोगों की आखिरी उम्मीद है।
उन्होंने कहा, "यदि श्रीकृष्ण समिति की रिपोर्ट के बाद भी अलग राज्य का गठन नहीं तो लोगों के पास 'संघर्ष' के अलावा कोई और विल्प नहीं बचेगा। हम यह नहीं कह सकते कि उस परिस्थिति में यह आंदोलन कौन सा रूप धारण करेगा।"
जयशंकर ने कहा, "आंदोलन की प्रकृति कैसी होगी, यह जनता तय करेगी। यदि अलग राज्य का उनका सपना साकार नहीं हुआ तो उनके पास कोई और रास्ता नहीं होगा।"
उल्लेखनीय है कि अलग तेलंगाना राज्य की मांग के मद्देनजर केंद्र सरकार ने फरवरी में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी. एन. श्रीकृष्णा की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित की थी। समिति को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 31 दिसम्बर तक का समय दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications