छत्तीसगढ़ में गर्मी से 2 मगरमच्छों की मौत
रायपुर, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और तापमान के 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने की वजह से एक चिड़ियाघर में एक मगरमच्छ जोड़े की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलता है कि प्रचंड गर्मी की वजह से छह वर्षीय नर और मादा मगरमच्छ जोड़े की मौत हुई। यह घटना रायपुर के बाहरी इलाके में स्थित नंदन वन चिड़ियाघर की है।
चिड़ियाघर के पशु चिकित्सक जय किशोर जारिया ने पत्रकारों से कहा, "मगरमच्छ 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक के तापमान में नहीं रह सकते हैं। मादा मगरमच्छ गर्भवती थी और पोस्टमार्टम के दौरान उसके पेट से 16 अंडें निकले।"
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि बेहतर देखभाल की कमी मगरमच्छों के मौत का कारण बनी।
सूत्रों ने बताया,"मगरमच्छ जोड़े को सीमेंट से बने टंकी में खुले में रखा गया था। दिन में पानी बेहद गर्म हो जाता था जिससे कि उनकी मौत हो गई।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications