माकपा के 2 नेताओं की हत्या (लीड-1)
कोलकाता, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बांकुरा और पश्चिमी मिदनापुर जिलों में नक्सलियों ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दो नेताओं की हत्या कर दी। दोनों के शवों को रविवार सुबह बरामद किया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रानीबांध पुलिस थाना क्षेत्र में रविवार सुबह परमेश्वर मुरमू का शव उनके घर के पास पाया गया।
मुरमू, जमगोरिया में माकपा की स्थानीय समिति के सदस्य थे। शनिवार रात कुछ हथियारबंद नक्सलियों ने उनके घर से उनका अपहरण कर लिया था।
वहीं, पश्चिमी मिदनापुर जिले के सालबोनी थाने के नजदीक मिरगान में एक अन्य माकपा नेता सिसुरंजन महतो का शव मिला। नक्सलियों ने शनिवार को महतो को उनके गांव धांगासोले से अगवा कर लिया था।
पुलिस के अनुसार करीब 10 नक्सली शनिवार रात महतो के घर पहुंचे और उन्हें वहां से उठा ले गए। रविवार सुबह मिरगान से चार किलोमीटर दूर एक जगह से उनका शव मिला जिस पर चोटों के कई निशान हैं।
राज्य के तीन पश्चिमी जिलों बांकुरा, पुरुलिया और पश्चिमी मिदनापुर में नक्सलियों का काफी प्रभाव है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications