बाप ने बेटी को 10 हजार रुपये में बेचा
बिहार के सीतामढ़ी जिले की रहने वाली रूबीना (16) इन दिनों छतरपुर के 'उषा किरण आश्रय गृह' में रह रही है। रूबीना ने बताया कि पिता मुफीउद्दीन की मौत के बाद मां शबीना ने मुजीब खां से निकाह कर लिया था। उन दोनों के साथ वह भी दिल्ली आ गई थी। दिल्ली में मां-बाप दोनों मजदूरी किया करते थे। वहीं पर छतरपुर जिले के परसनियां गांव के हबीब खां (35) से संपर्क हो गया।
गौरतलब है कि 25 अप्रैल 2009 को सौतेले पिता मुजीब ने दबाव डाल कर हबीब के साथ उसका निकाह करा दिया। निकाह के एवज में सौतेले पिता ने हबीब से दस हजार रुपये लिए। शादी के बाद हबीब रूबीना को बुरी तरह सताने लगा और बात-बात में 10 हजार में खरीदने के ताने देता था।
छतरपुर महिला समिति की माया सिंह बताती हैं कि रूबीना ने अपनी व्यथा गांव की आंगन बाड़ी में काम करने वाली एक कार्यकर्ता को सुनाई। लड़की नाबालिग है। सूचना मिलने पर महिला समिति के सदस्य गांव पहुंचे और रूबीना को मुक्त करा कर छतरपुर आश्रय गृह में ले आए। रूबीना के माता-पिता से संपर्क किया गया है।
सिंह ने स्वीकार किया कि छतरपुर जिले में गरीब लड़कियों से शादी करने और प्रताड़ित करने के मामले सामने आ चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications