मणिपुर के हड़ताली कर्मचारी अपने रुख पर कायम
इम्फाल, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मणिपुर के हड़ताली कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री ओकरम इबोबी सिंह की कड़ी कार्रवाई की चेतावनी के बावजूद अपनी हड़ताल के 100वें दिन रविवार को अपने आंदोलन और तेज करने की घोषणा की।
राज्य के करीब 61,000 सरकारी कर्मचारी छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को पूरी तरह लागू करने की मांग को लेकर 16 जनवरी से हड़ताल पर हैं। आयोग ने जनवरी 2006 से वेतन और भत्तों में वृद्धि की सिफारिश की थी।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को एक समारोह में कहा कि यदि कर्मचारी शीघ्र ही काम पर नहीं लौटे तो सरकार चुप नहीं बैठेगी।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी केवल वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं लेकिन अपने कर्तव्य के प्रति वे सजग नहीं हैं। ऐसी हालत में कोई सरकार मूकदर्शक नहीं रह सकती।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के वेतन और बकाये के भुगतान के लिए सरकार को 1,000 करोड़ रुपये की आवश्यकता है।
हड़ताली कर्मचारियों के नेताओं ने मुख्यमंत्री की इस चेतावनी के जवाब में कहा कि यदि शीघ्र ही उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे अपने आंदोलन को और तेज करने पर विवश होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications