अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष का ग्रीस को मदद का आश्वासन
वाशिंगटन, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के प्रमुख डोमिनिक स्ट्रॉस-कान ने शनिवार को कहा कि ग्रीस को आईएमएफ के इतिहास को लेकर चिंतित नहीं होना चाहिए और संस्था उसे ऋण संकट से उबरने के लिए आर्थिक सहायता देगी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार आईएमएफ की संचालन समिति की बैठक के बाद शनिवार को स्ट्रॉस-कान ने कहा, "ग्रीस की जनता को आईएमएफ से डरना नहीं चाहिए। हम वहां उनकी हरसंभव मदद के लिए प्रयासरत हैं।"
स्ट्रॉस-कान ने शनिवार सुबह ग्रीस के वित्त मंत्री जॉर्ज पापाकोस्तानतीनो से मुलाकात की। शुक्रवार को ग्रीस ने यूरोपीय संघ और आईएमएफ की मदद से 60 अरब डॉलर मुहैया कराने की मांग की थी ताकि वह दीवालियेपन से बच सके।
ग्रीस में हालांकि कुछ लोग आईएमएफ की मदद का विरोध कर रहे हैं। उनका मानना है कि इस संकट से बाहर निकलने के लिए सरकार को कड़े आर्थिक कदम उठाने चाहिए।
आईएमएफ की संचालन समिति के अध्यक्ष और मिस्र के वित्त मंत्री यूसफ बोट्रॉस-घाली ने कहा कि आईएमएफ ने अपनी पुरानी गलतियों से सीख ली है और ग्रीस से अनुरोध किया कि उसे 'संदेह का लाभ' दिया जाए।
ग्रीस अधिकारियों ने पिछले सप्ताह के दौरान यूरोपीय संघ, आईएमएफ और यूरोपीय कंद्रीय बैंक के साथ बैठक की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications