थरूर की सोनिया, प्रणब और एंटनी से मुलाकात (लीड-1)
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी मामले में कथित संलिप्तता को लेकर विवादों में घिरे विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी और रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी से मुलाकात की।
उल्लेखनीय है कि विपक्षी दल मौजूदा विवाद के मद्देनजर थरूर के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। ऐसे में सोनिया गांधी से उनकी आज की मुलाकात अहम मानी जा रही है।
इस मुलाकात के बारे में औपचारिक तौर पर कांग्रेस की ओर से कुछ भी नहीं कहा गया लेकिन कहा जा रहा है कि थरूर ने मौजूदा विवाद पर सोनिया गांधी के समक्ष सफाई पेश की।
इससे पहले थरूर की प्रणब और एंटनी साथ लगभग आधे घंटे बैठक चली। बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इस पर थरूर ने प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया। मुखर्जी और एंटनी के साथ थरूर की यह दूसरी मुलाकात थी। उन्होंने बुधवार रात भी इन कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की थी।
आईपीएल के कमीश्नर ललित मोदी ने रविवार को थरूर पर आरोप लगाया था कि उन्होंने आईपीली कोच्चि की फ्रेंचाइजी के मालिकों के नाम सार्वजनिक नहीं करने के लिए कहा था।
थरूर ने मोदी द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि वह केवल केरल को एक आईपीएल टीम दिलाने के लिए प्रयास कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications