कबाड़ विस्फोट पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा
हादसे में घायल हुए लोगों में दो की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। दोनों का उपचार आगरा मेडिकल कालेज में चल रहा है।
उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव (गृह) फतेह बहादुर सिंह ने गुरुवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया, "राज्य सरकार की तरफ से मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार व कम घायलों को 25 हजार रुपये तक का मुआवजा दिया जाएगा।"
उल्लेखनीय है कि मथुरा में गोविंदनगर थाना अंतर्गत नई बस्ती इलाके में बुधवार को अंसार नामक व्यक्ति की कबाड़ की दुकान में उस समय विस्फोट हुआ था, जब उसके बेटे स्क्रैप पर चोट करके पीतल निकाल रहे थे। विस्फोट इतना तेज था कि आस-पास खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए थे।
राज्य के पुलिस महानिदेशक कर्मवीर सिंह ने गुरुवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक जिस कबाड़ में विस्फोट हुआ वह राकेट लांचर में प्रयोग होने वाला गोला था और कुछ समय पहले सेना क्षेत्र से लाया गया था।
सिंह ने कहा कि परीक्षण के दौरान पता चला है कि गोला सन 1964 में बनाया गया था और इसका इस्तेमाल 1984 तक हो जाना चाहिए था। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications