दंतेवाड़ा हमले पर विपक्ष ने सरकार को घेरा (लीड-1)

दोनों सदनों की कार्यवाही दंतेवाड़ा के शहीदों और विमान हादसे में मारे गए पोलैंड के राष्ट्रपति लेख काजिंस्की को श्रद्धांजलि देने के साथ आरंभ हुई। प्रश्न काल के शुरू होते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्य विपक्षी दलों के सदस्य नक्सली हमले पर तत्काल गृह मंत्री के बयान की मांग करते हुए हंगामा करने लगे।

हंगामे की वजह से लोकसभा की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे और फिर दो बजे तक के लिए स्थगित की गई। इसी तरह राज्यसभा की कार्यवाही दिन में दो बार स्थगित की गई।

लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार सदस्यों को शांत कराने की कोशिश करती रहीं। हंगामे के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने विपक्षी सदस्यों से कहा, "एक बार प्रश्नकाल हो जाने दीजिए, एक बजे गृह मंत्री बयान देंगे और उसके बाद इस पर चर्चा होगी।" मीरा कुमार और बंसल की अपील का हंगामा कर रहे सदस्यों पर कोई असर नहीं हुआ। इसके कारण सदन की कार्यवाही 12 बजे तक और फिर दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

हंगामे के बाद मीरा कुमार ने भाजपा नेता यशवंत सिन्हा को बोलने का मौका दिया। सिन्हा ने चिदंबरम की नीतियों पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह द्वारा सवाल खड़े किए जाने के मसले पर कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया।

सिन्हा ने कहा, "हमारी पार्टी नक्सल मुद्दे पर सरकार के साथ खड़ी है। परंतु सवाल अब यह है कि क्या कांग्रेस या संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) इस मुद्दे पर सरकार के साथ हैं?"

राज्यसभा में शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखने के बाद भाजपा के नेता वैंकेया नायडू ने इस नरसंहार पर बहस की मांग की।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने सदन को सूचित किया कि चिदंबरम सदन में दिन में दो बजे बयान देंगे। उन्होंने कहा, "हम गृह मंत्री के बयान के तत्काल बाद इस पर चर्चा कर सकते हैं।" इस मसले पर हंगामे की वजह से राज्यसभा की कार्यवाही पहले 12 बजे तक स्थगित की गई और फिर दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

राज्यसभा की कार्यवाही दिन में दो बजे शुरू होने के बाद सदन में चिदंबरम ने दंतेवाड़ा हमले पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार नक्सलियों के खिलाफ अभियान में राज्य सरकारों को मदद देने के लिए तैयार है।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई के मामले में समूचा विपक्ष एकजुट है लेकिन सरकार बंटी नजर आ रही है। जेटली ने कहा, "दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले के बाद पूरे विपक्ष ने एकजुटता दिखाई थी। विपक्ष नक्सलियों के खिलाफ सरकार और गृह मंत्री के साथ खड़ी है। परंतु सरकार बंटी नजर आती है।"

इस बीच भाजपा ने कहा है कि नक्सलियों का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस के पास इच्छाशक्ति की कमी है। पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने गुरुवार को संसद भवन के बाहर आईएएनएस से बातचीत में कहा, "कांग्रेसनीत सरकार में नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई को लेकर मतभेद है जो परेशानी वाली बात है। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने गृह मंत्री (पी. चिदंबरम) की आलोचना की है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर और रेल मंत्री ममता बनर्जी भी सरकार पर निशाना साध रहे हैं।"

दिग्विजय ने एक अखबार में अपने लेख में नक्सली मुद्दे पर चिदंबरम को आड़े-हाथों लिया था। प्रसाद ने कहा, "ये नेता यह नहीं मानते कि नक्सली हमारे देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा हैं।"

उल्लेखनीय है कि दंतेवाड़ा के नक्सली हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) 75 जवानों सहित कुल 76 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+