पोलैंड के शोक में शामिल रूस

विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों की याद में जहां पोलैंड शोक में डूबा हुआ है, वहीं रूस में भी सोमवार को शोक दिवस मनाया जा रहा है.
सभी सरकारी इमारतों पर झंडे आधे झुका दिए गए हैं और टेलिविज़न चैनलों पर मनोरंजन के कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं.
विमान दुर्घटना में मारे गए पोलैंड के राष्ट्रपति लेक केजिंस्की का शव राजधानी वारसा में अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया है.
पश्चिमी रूस में हुई इस विमान दुर्घटना में पोलैंड के राष्ट्रपति लेक केजिंस्की, उनकी पत्नी, सेना प्रमुख और कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए थे.
मारे गए लोगों के संबंधी शवों की पहचान के लिए रूस पहुंच रहे हैं.
रूसी जांचकर्ताओं को शक है कि दुर्घटना पायलट की ग़लती से हुई है.
उनका कहना है कि विमान के पेड़ों में उलझ कर दुर्घटना ग्रस्त होने से कुछ ही पहले पायलट को चेतावनी दी गई थी, कि उसकी उड़ान बहुत नीची है.
नई नियुक्तियां
पोलैंड में केंद्रीय बैंक के प्रमुख की ख़ाली जगह पर उनके डिप्टी यानि सहायक को कार्यकारी प्रमुख बना दिया गया है.
जबकि राष्ट्रपति पद की ज़िम्मेदारी संसद के स्पीकर बौर्नीस्लाव कोमोरोव्स्की को सौंप दी गई है, जो चुनाव होने तक ये कार्यभार संभालेंगे.
स्पीकर ने कहा है कि वे चुनावों की घोषणा अगले 14 दिनों में करेंगे.
पोलैंड के संविधान के मुताबिक मतदान अगले 60 दिनों में होना ज़रूरी है.
सुलह सफाई
इसी बीच वारसा और मॉस्को के बीच कुछ सुलह सफाई का माहौल बनता दिखाई दे रहा है.
इसके अलावा रूस के प्रमुख सरकारी टेलिविज़न पर 1940 में हुए कटिन नरसंहार की फ़िल्म प्राइम टाइम में दिखाई गई.
ये फ़िल्म उसी नरसंहार की घटना पर बनी थी, जिसमें सोवियत सीक्रेट पुलिस ने पोलैंड के हज़ारों अधिकारियों और बुद्धिजीवियों की हत्या कर दी थी.
मॉस्को स्थित पोलैंड के दूतावास के सामने मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए लाए गए फूलों का अंबार लगा हुआ है.
शवों की पहचान
विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के संबंधी शवों की पहचान के लिए मॉस्को पहुंच रहे हैं.
रूस के वरिष्ठ सरकारी वकील वासिली पिस्कारेफ़ का कहना है कि अभी तक शवों की पहचान उनके कपड़ों और पहचान के दस्तावेज़ से हो पाई है.
लेकिन उन्होंने चेतावनी दी है कि कुछ शवों की पहचान हो पाना मुश्किल है.
रूसी अधिकारियों ने घोषणा की है कि शवों की पहचान करने आए मृतकों के संबंधियों का सारा ख़र्च सरकार उठाएगी. इसके अलावा उन लोगों को काउंसलिंग यानि भावनात्मक सहायता मुहैया करवाई जाएगी.
पोलैंड की इस त्रासदी पर रूस के संवेदनात्मक रवैये की पोलैंड में सराहना की जा रही है.
पोलैंड के राष्ट्रीय सुरक्षा ब्यूरो के उपप्रमुख विटौल्ड वाज़कोव्स्की ने रॉयटर्स समाचार एजेंसी को बताया, "हमने पुतिन से ऐसे उदारवादी, संवेदनशील और निजी तौर पर सहयोगपूर्ण रवैये की आशा नहीं की थी. ज़ाहिर है दोनों देशों के संबंधों पर इसका सकारात्मक असर पड़ेगा."
रूस के लिए पोलैंड के राजदूत जेर्ज़ी बहर ने पोलैंड के टीवी पर कहा,''हमने इस दौरान रूस के साथ एकजुटता का हर क़दम पर अहसास किया है.''
पोलैंड के शीर्ष सैन्य नेतृत्व की ख़ाली जगह उनके सहायक डिप्टी अधिकारियों को दी गई है जिससे देश की सेना का कामकाज सामान्य तौर पर जारी रह सके.












Click it and Unblock the Notifications