हेडली का मुद्दा उठा सकते हैं मनमोहन

न्यूयॉर्क से हिंदी डॉट कॉम के लिए
अंतररराष्ट्रीय परमाणु सम्मेलन में हिस्सा लेने अमरीका पहुँचे भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह रविवार को वहां के राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाक़ात करेंगे. दोनों नेताओं की इस बैठक को प्रमुखता दी जा रही है. ये बैठक ऐसे समय में हो रही है जब अमरीकी विदेश मंत्री हिलरी क्लिंटन ने कहा है कि जिस तरीक़े से भारत और पाकिस्तान ने परमाणु हथियार हासिल किए हैं उससे दुनिया में परमाणु हथियारों का संतुलन बिगड़ा है.
अंतरराष्ट्रीय परमाणु सम्मेलन12 और 13 अप्रैल को होगा, जिसमें 40 देशों से ज़्यादा के राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं. मनमोहन-ओबामा वार्ता के दौरान विश्व और दक्षिण एशियाई क्षेत्र में सुरक्षा मामलों और आतंकवाद के अलावा अफ़ग़ानिस्तान में हालात और पाकिस्तान के साथ भारत के रिश्तों के बारे में भी चर्चा होने की उम्मीद है.
भारत ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि अफ़गानिस्तान में वह विकास का काम जारी रखेगा. भारत और पाकिस्तान दोनों ही का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान में उनकी भूमिका अधिक होना चाहिए. जबकि अमरीकी इस बात की भी कोशिश कर रहे हैं कि कुछ तालेबान जो हिंसा का रास्ता छोड़ने को तैयार हों उनसे बातचीत भी की जाए और उन्हें मुख्यधारा में शामिल किया जाए.
भारत को इस बात पर भी ऐतराज़ है. उसका कहना है कि तालेबान में कोई अच्छे या बुरे तालेबान नहीं होते. मुंबई हमलों में शामिल पाकिस्तानी मूल के अमरीकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली को भारत लाने का भी सवाल इस बैठक के दौरान उठाए जाने की संभावना है. परमाणु सम्मेलन में भाग लेने पहुँचे पाकिस्तानी प्रधान मंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी भी अमरीकी राष्ट्रपति के साथ मुलाक़ात करेंगे. अमरीकी दौरे के बाद मनमोहन सिंह ब्रिक सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राज़ील भी जाएँगे जहाँ वे चीन और रूस के राष्ट्रपति से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.












Click it and Unblock the Notifications