हैदराबाद में कर्फ्यू ढील, स्थिति शांतिपूर्ण
पिछले तीन दिनों से कर्फ्यू की वजह से घरों में रहे हजारों लोग जरूरी वस्तुएं खरीदने बाहर निकले। किराने और दूध की दुकानों तथा मेडिकल स्टोर्स के बाहर लंबी कतारें देखी गईं। कर्फ्यू में सुबह आठ बजे से 10 बजे तक ढील दी गई।
कर्फ्यू में ढील के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। पुलिस ने घोषणा की थी कि 50 साल से अधिक आयु की महिलाओं और पुरूषों को घरों से बाहर निकलकर खरीददारी करने की इजाजत मिलेगी, लेकिन पुलिस के सख्ती से प्रतिबंध न लागू कर पाने की वजह से इसके बावजूद बहादुरपुरा जैसे इलाकों में बड़ी संख्या में युवकों को खरीददारी करते देखा गया।
व्यापारियों ने जरूरी वस्तुओं को मंहगे दामों में बेचकर हालात का फायदा उठाया। कुछ इलाकों में दूध 100 रुपये लीटर तक बिका जबकि सब्जियां 50 रुपये किलो तक में बिकी। सरकार ने दूध और सब्जियों की आपूर्ति के प्रबंध किए थे जो नाकाफी रहे।
पुराने शहर के आठ थानाक्षेत्रों में 11 बजे से दोपहर एक बजे तक ढील दी जाएगी।
पुलिस आयुक्त ए.के.खान ने बताया कि नए शहर के आठ थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी जाएगी जहां मंगलवार रात सांप्रदायिक झड़पों के बाद कर्फ्यू लगाया गया था।
पिछले हफ्ते धार्मिक ध्वज को लेकर शुरू हुई हिंसा में अब तक दो लोग मारे जा चुके हैं और 150 से ज्यादा घायल हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications