असम में शिक्षा पर 40 अरब रुपये खर्च करने की योजना
इस पैकेज के तहत अगले पांच वर्षो में एक अनुमान के मुताबिक 26,000 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और 20,000 स्कूलों का निर्माण किया जाएगा।
असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने गुवाहाटी में संवाददाताओं को बताया, "शिक्षा का अधिकार प्रावधान के तहत हमने निर्णय लिया है कि एक किलोमीटर के दायरे में एक प्राथमिक स्कूल और तीन किलोमीटर के दायरे में एक माध्यमिक स्कूल का निर्माण किया जाएगा।"
इस महात्वाकांक्षी योजना के तहत 30 छात्रों पर एक शिक्षक रखा गया है। प्राथमिक स्कूलों में 20,733 शिक्षकों और माध्यमिक स्कूलों में 5,177 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राथमिक स्कूलों और शिक्षकों की कमी की वजह से अभिभावक प्राय: अपने बच्चों को स्कूल से ले जाते हैं और अपने साथ काम में लगा देते हैं। जब अभिभावकों के सामने यह बदलाव आएगा और उनके आस-पास स्कूल का निर्माण हो जाएगा तब निश्चित रूप से वे अपने बच्चों को स्कूल जाने के लिए प्रेरित करेंगे।
यद्यपि नई योजना के मुताबिक नए प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के निर्माण के बारे में तात्कालिक जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में स्कूलों का निर्माण कराया जाएगा।
गोगोई ने गुरुवार को कहा, "मैं राज्य में शिक्षा क्रांति लाना चाहता हूं और मुझे विश्वास है कि नई योजनाओं से शिक्षा का परिदृश्य काफी बदल जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications