अमिताभ मामले में सोनिया के बचाव में आए अमर
अमर ने अपने ब्लॉग में लिखा है, "मुझे पूरा विश्वास है कि अमिताभ के खिलाफ बयानबाजी सोनिया और राहुल के स्तर से नहीं हो रहा है।"
उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक मुद्दों पर उनकी दोनों से कई मौकों पर वार्ता हुई है लेकिन कभी भी उनमें बदले की भावना नहीं दिखी।
सिंह ने कहा, "यह ऐसा परिवार है जिसकी बेटी अपने पिता के हत्यारे को लेकर संवेदनशील है। ऐसा परिवार जो हत्या के इस घिनौने कृत्य को अंजाम देने वालों के प्रति सहिष्णुता का भाव रखता हो, उसका हृदय डा. हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन के परिवार के लिए इतना कठोर नहीं हो सकता।"
उन्होंने कहा कि इसका प्रमाण यह है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के शासनकाल के दौरान बच्चन परिवार की बहू एश्वर्या राय बच्चन को पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित किया गया और अमिताभ बच्चन को सर्वश्रेष्ठ कलाकार चुना गया।
सिंह ने कहा कि उनके कुछ सहयोगी यह महसूस करते हैं कि इस अनावश्यक प्रचार को एक व्यक्ति द्वारा इसलिए शुरु किया गया क्योंकि वह चाहते थे कि बच्चन परिवार के प्रति अपने लगाव के चक्कर में वह कांग्रेस के खिलाफ प्रतिक्रिया करें।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा अमिताभ का बचाव किए जाने पर सिंह ने कहा, "भाजपा को आज अमिताभ में कलाकार दिखा है।" उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और स्वर्गीय प्रमोद महाजन ने 1996 में बच्चन की उस याचिका को निरस्त कर दिया था, जिसमें उन्होंने बेंगलुरू में विश्व सुंदरी प्रतियोगिता में बाधा न पड़े, इसके लिए कदम उठाने की अपील की थी।
उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वोच्च न्यायालय और बच्चन परिवार को उसकी कला व संस्कृति के हवाले छोड़ दिया जाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications