भारतीय वैज्ञानिक ने विकसित किया कैंसर बायोमार्कर
शिलांग, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। एक भारतीय वैज्ञानिक ने एक रक्त आधारित कैंसर बायोमार्कर विकसित किया है। यह बायोमार्कर विभिन्न प्रकार के कैंसरों की जांच में प्रयुक्त होने वाला एक कम लागत वाला उपकरण है। यह शायद मानव शरीर में कैंसर का पता लगाने वाला दुनिया का पहला कम लागत वाला जांच उपकरण होगा।
कैंसर का जल्द पता लग जाने से रोगी के जल्दी स्वस्थ होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
नॉर्थ-ईस्टर्न हिल्स युनीवर्सिटी (एनईएचयू) के प्रोफेसर आर. एन. शरन ने आईएएनएस को बताया, "यह एक साधारण रक्त जांच प्रणाली है जो गर्भावस्था या मधुमेह की जांच की तरह ही है। मैंने रक्त में कैंसर का बायो-मॉलिक्यूलर मार्कर विकसित किया है। रक्त नमूने की जांच द्वारा आसानी से कैंसर का पता लगाया जा सकता है।"
इस बायो-मॉलिक्यूलर मार्कर का शुरुआती परीक्षण पास कर चुका है और अब अमेरिका और जापान में इसके बहु-केंद्रीय परीक्षण हो रहे हैं। शरन ने बताया कि दो-तीन साल बाद कैंसर जांच के इस उपकरण का बड़े पैमाने का निर्माण होने लगेगा।
उन्होंने बताया कि इस उपकरण के जरिए घर पर ही कैंसर की जांच की जा सकेगी और इसमें 100-150 रुपये से ज्यादा का खर्च नहीं आएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications