'सीआईए के साथ मिल चुका है ईरानी परमाणु वैज्ञानिक'
वाशिंगटन, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। सऊदी अरब से गत जून में लापता हुआ ईरानी परमाणु वैज्ञानिक अमेरिका से मिल चुका है और अपने देश के परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ सीआईए के अभियान में मदद कर रहा है।
एबीसी न्यूज के अनुसार शाहरम अमीरी नाम का सम्मानित परमाणु वैज्ञानिक अमेरिका में बस चुका है। खुफिया अधिकारियों से मिली जानकारी के आधार पर कहा गया है कि अधिकारियों ने सीआईए के जासूसी अभियान को जारी रखने के लिए वैज्ञानिक को अपने साथ मिलाने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को नुकसान पहुंचाने को 'एक खुफिया विद्रोह' का नाम दिया है।
सीआईए ने इस बारे में कोई भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है।
इस खुफिया अभियान के बारे में जानकारी पाने वाले लोगों के अनुसार अमीरी का गायब होना उसे अपने साथ मिलाने की सीआईए की लंबे अर्से से चली आ रही योजना का एक हिस्सा है। सीआईए ने वैज्ञानिक से एक बिचौलिये के माध्यम से संपर्क किया था, जिसे अमेरिका में पुनर्वास की पेशकश की गई थी।
उन्होंने बताया कि अमीरी ने काफी जानकारियां मुहैया कराई हैं जिनसे ईरानी परमाणु कार्यक्रम के बारे में अमेरिका के खुफिया आकलन की पुष्टि में मदद मिली है।
अमेरिकी कांग्रेस को भेजी गोपनीय रिपोर्ट में सीआईए ने कहा है, "ईरान परमाणु हथियार बनाने का विकल्प खुला रखे हुए है हालांकि हम यह नहीं जानते कि उसने आखिरकार परमाणु हथियार बनाने का फैसला किया या नहीं।"
उधर, ईरान सरकार अमेरिका पर अपने वैज्ञानिक को अगवा करने का आरोप लगाती रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications