सम्मान की खातिर हत्या के खिलाफ बने कानून : माकपा
पार्टी ने एक वक्तव्य में कहा, "सभी लोकतांत्रिक ताकतों को सम्मान की खातिर होने वाली हत्या और 'खाप पंचायतों' की संविधान के खिलाफ गतिविधियों को गैरकानूनी घोषित करने के लिए अलग से एक कानून बनाने की मांग करना चाहिए।"
पार्टी का कहना है, "जब भी ऐसी घटनाएं होती हैं तब अपराधियों के खिलाफ ठोस और निवारक कार्रवाई की जाना चाहिए। यह राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है कि वे युवा महिलाओं और पुरुषों के अपनी पसंद से शादी करने के अधिकार की रक्षा के लिए खड़े हों।"
गौरतलब है कि हरियाणा की करनाल अदालत ने 2007 में एक युवा जोड़े की हत्या के दोषी पांच लोगों को मौत की सजा सुनाई है। जाति आधारित पंचायत या 'खाप पंचायत' ने इस युवा जोड़े की शादी को मानने से इंकार कर दिया था।
माकपा का कहना है, "उम्मीद है कि हरियाणा सरकार और प्रशासन इस विलक्षण न्यायिक कार्रवाई से प्रेरणा लेकर तथाकथित सामाजिक और जातीय परंपरा के बाहर विवाह करने वाले युवा जोड़ों के खिलाफ होने वाले इस तरह के अवैध और घातक कृत्यों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाएंगे।"
पार्टी का कहना है कि सम्मान की खातिर हत्याएं केवल हरियाणा में ही नहीं होती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब व देश के अन्य हिस्सों में भी इस तरह की हत्याएं होती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications