करुणानिधि के उत्तराधिकारी को लेकर तेज हुई जंग
करुणानिधि के बड़े बेटे अलागिरी ने कहा है कि पार्टी अध्यक्ष के लिए यदि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव हुआ तो वह इसमें लड़ने को तैयार हैं।
अलागिरी ने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा, "अगले नेता के लिए यदि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव हुआ तो मैं यह चुनाव लडूंगा। मैं अपने पिता की बात से सहमत हूं कि नेता का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होना चाहिए।"
उन्होंने हालांकि यह भी कहा, "जब तक करुणानिधि जीवित हैं तब तक किसी और नेता के बारे में बात नहीं की जानी चाहिए।"
उल्लेखनीय है कि करुणानिधि के उत्तराधिकारी को लेकर अलागिरी ने पिछले दिनों एक तमिल पत्रिका से बातचीत में कहा था कि उन्हें नहीं लगता कि करुणानिधि के अलावा किसी और में डीएमके का नेतृत्व करने की क्षमता है।
अलागिरी के इस बयान को करुणानिधि के छोटे बेटे स्टालिन के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। स्टालिन को उस समय से करुणानिधि के उत्ताराधिकारी के रूप में देखा जाता रहा है, जब उन्हें प्रदेश मंत्रिमंडल में उपमुख्यमंत्री और अलागिरी को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications